Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की साधारण सभा की बैठक लखनऊ में संपन्न

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की साधारण सभा की बैठक एसआर ग्रुप लखनऊ आफ इंस्टीट्यूशंस संस्थान, के सभागार में 15 अप्रैल 2022 को संपन्न हुई। जिसमें संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव मनाए जाने के की कार्य योजना बनाई गई। बैठक के अंत में संस्थान के चेयरमैन और सीतापुर क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान का संघ द्वारा अभिनंदन किया गया।

संगठन के उद्देश्य कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर देशभर में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। महासंघ भी 1 अगस्त को देश भर के एक लाख से ज्यादा विद्यालयों में महोत्सव मनाएगा तथा जनपद, विश्वविद्यालय स्तर पर 31 अगस्त तक गोष्ठियाँ व सेमिनार आयोजित कर देश की स्वतंत्रता के सेनानी वीरसपूतों को याद करते हुए उनके परिवार जनों को सम्मानित करने का भी कार्य करेगा। हमारी स्वतंत्रता के संघर्ष के इतिहास को वर्तमान से भावी पीढ़ी तक ले जाने का गुरुत्व दायित्व शिक्षक वर्ग को संभालना होगा जिससे समाज व राष्ट्र विश्व स्तर पर सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सिरमौर बन सके। संगठन के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को समाज व सरकार के समक्ष सकारात्मक सोच व कार्यक्रमों के साथ उपस्थिति दर्ज करानी होगी जब हमारा संगठन समाजव सरकार के लिए शैक्षिक निर्माणकर्ता के रूप में पहचाना जाएगा तब हम शिक्षा जगत के बदलाव व परिवर्तनों के निर्माणक होंगे। संगठन को मजबूत करने के लिए मीडिया, प्रकाशन, शैक्षिक व प्रशिक्षण की सशक्त टोलियों की जरूरत है जिसमें अनुभवी और उपयोगी कार्यकर्ता टोली के रूप में कार्य करेंगे। राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने देश में सरकारी स्कूल शिक्षा प्रणाली को नष्ट करने के कुचक्र की चर्चा करते हुए कहा कि देश के 75 साल की शिक्षा व्यवस्था में वामपंथी विचारों ने तहस-नहस किया है और अब भी वामपंथी विचार सरकारी शिक्षा को नष्ट कर सांस्कृतिक गौरव को कमजोर करना चाहते हैं। हमारे संगठन का उद्देश्य राष्ट्रवाद व राष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने वाली शिक्षा पद्धति देश के अंदर स्थापित हो इसके लिए संगठन के मजबूत होने और उसके लिए समर्पित कार्यकताओं के बल पर हो सकेगा। नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि महासंघ के कार्यक्रमों व उनकी गतिविधियों के संचालन के लिए उनकी संस्था हमेशा सेवा भाव से तत्पर रही है और अब महासंघ को संगठन व सरकार दोनों का भरपूर सहयोग मिलेगा।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के उच्च शिक्षा संवर्ग के प्रभारी महेंद्र कुमार ने कहा कि नई शिक्षा नीति उच्च शिक्षा में लागू हुई है। तथा इसे प्रभावी बनाने में आने वाली अड़चनों को दूर करने के लिए सार्थक व सटीक सुझावों की जरूरत है और इस कार्य को यह संगठन अपने सशक्त कार्यकर्ताओं के बदौलत पूरा करेगा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष डॉ निर्मला यादव ने कहा कि संगठन का विस्तार तेजी से प्रदेश स्तर पर हो रहा है इसे प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा संवर्ग में तेजी के साथ विस्तारित कर संगठन के उद्देश्य और कार्यक्रमों को समाज व सरकार तक पहुंचाने की एक कारगर कार्यनीति बनानी होगी। उन्होंने कहा स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव को मनाने के लिए प्रदेश, जिला व मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की टोली गठित होंगी और इसे हम न्याय पंचायत स्तर तक ले जाएंगे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री ऋषि देव त्रिपाठी ने किया। महासंघ की बैठक में उच्च शिक्षा संवर्ग से प्रोफेसर लवकुश मिश्रा, माध्यमिक शिक्षा से संतोष कुमार सिंह, प्राथमिक शिक्षा संवर्ग से शिव शंकर सिंह ने विस्तार से भावी कार्यक्रम व वर्तमान प्रगति की आख्या रखी। बैठक में महासंघ के उच्च शिक्षा संवर्ग के डॉ. विजय कुमार, प्राथमिक संवर्ग के अध्यक्ष अजीत सिंह, महामंत्री भगवती सिंह, प्रांतीय सह मीडिया प्रभारी दिनेश त्रिवेदी, प्रदेश तकनीकी संवर्ग के महामंत्री अंबरीश सिंह, कोषाध्यक्ष पवन शंकर दीक्षित, राम प्रताप सिंह, सुनील मिश्रा, आशीष मणि त्रिपाठी, अरुण शुक्ला, सुरेंद्र प्रसाद भटनागर, उदयन मिश्रा, प्रताप कटियार, संतोष मौर्य, बृजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।







एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ