Ticker

6/recent/ticker-posts

गोरखपुर : शिक्षकों की सात सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने माननीय बेसिक शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन



विशेष TET में दोनों स्तरों की परीक्षा की अनुमति, पेंशन, पदोन्नति, स्थानांतरण एवं अवकाश की मांग

गोरखपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की विभिन्न लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, गोरखपुर ने माननीय बेसिक शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रेषित किया। महासंघ ने शिक्षक हितों के साथ-साथ प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के व्यापक हित में मांगों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा की है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से विशेष TET के नियमों में आवश्यक संशोधन करते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों को दोनों स्तरों की TET परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति देने की मांग की गई। महासंघ का कहना है कि भविष्य में पदोन्नति, समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण के दौरान TET की पात्रता को लेकर शिक्षकों के सामने उत्पन्न होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को समाप्त करने के लिए यह संशोधन आवश्यक है।

महासंघ ने विशिष्ट BTC बैच-2004 एवं अन्य पात्र शिक्षकों को पेंशन का लाभ प्रदान करने तथा लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।

इसके अतिरिक्त सभी शिक्षकों को प्रति वर्ष 15 उपार्जित अवकाश एवं अर्ध आकस्मिक अवकाश प्रदान करने तथा जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में लगाए जाने वाले शिक्षकों को नियमानुसार प्रतिपूरक अवकाश देने की मांग की गई।

गर्मी एवं उमस को देखते हुए महासंघ ने अप्रैल से सितंबर तक विद्यालयों का संचालन प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक किए जाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इससे भीषण गर्मी के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राहत मिलेगी।

ज्ञापन में लंबे समय से लंबित पदोन्नति वेतनमान एवं वित्तीय उन्नयन का लाभ पात्र शिक्षकों को देने तथा रिक्त पदों के सापेक्ष सहायक अध्यापक से प्रधानाध्यापक एवं अन्य पात्र पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की मांग की गई।

महासंघ ने पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने तथा समायोजन के लिए पूरे प्रदेश में एक समान एवं स्पष्ट नियमावली लागू करने की मांग भी की है, जिससे जनपदवार अलग-अलग मानकों की समस्या समाप्त हो सके और शिक्षकों के सेवा हित सुरक्षित रहें।

जिला संयोजक जयप्रकाश मद्धेशिया एवं जिला सहसंयोजक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक उत्साह एवं निष्ठा से कार्य कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिला सहसंयोजक विजय कुमार बरनवाल, शिक्षक अनूप कुमार पटेल, संदीप कुमार सिंह आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ